नई दिल्ली। जुलाई के पहले दिन ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी कटौती की है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। देशभर में कमर्शियल सिलेंडर 174 रुपये से लेकर 183.50 रुपये तक सस्ता हुआ है। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं ‘नायरा एनर्जी’ ने देश भर में अपने पेट्रोल और डीजल के दामों में भारी कटौती का एलान किया है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमतों में सीधे 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की कमी कर दी है। नई कीमतें बुधवार 1 जुलाई 2026 से लागू कर दी गई हैं।
दिल्ली में सबसे ज्यादा राहत
नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता होकर 3,113.50 रुपये से घटकर 2,930 रुपये का हो गया है। वहीं कोलकाता में सबसे कम 174 रुपये की कटौती की गई है।
प्रमुख शहरों में नई कीमतें
- दिल्ली: 2,930 रुपये (183.50 रुपये की कटौती)
- मुंबई: 2,885.50 रुपये (182 रुपये की कटौती)
- कोलकाता: 3,081.50 रुपये (174 रुपये की कटौती)
- चेन्नई: 3,106 रुपये (177 रुपये की कटौती)
एनसीआर में भी राहत देखने को मिली है। नोएडा में कमर्शियल सिलेंडर 183.50 रुपये सस्ता होकर 2,930 रुपये का हो गया है, जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 182.50 रुपये घटकर 2,947.50 रुपये रह गई है।
व्यावसायिक उपभोक्ताओं को मिलेगा फायदा
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत घटने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को राहत मिलेगी। इससे उनके परिचालन खर्च में कमी आने की उम्मीद है।
घरेलू उपभोक्ताओं के लिए कोई बदलाव नहीं
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि यह कटौती केवल 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर पर लागू है। घरेलू रसोई गैस (14.2 किलोग्राम) के दाम पहले की तरह ही बने हुए हैं।
