काठमांडू। नेपाल की प्रदेश राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। नेपाली कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की पार्टी सीपीएन (यूएमएल) के साथ चल रहे सत्ता गठबंधन को समाप्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही कांग्रेस अब पुष्प कमल दहाल ‘प्रचण्ड’ के नेतृत्व वाली नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के साथ नई राजनीतिक साझेदारी को लेकर बातचीत आगे बढ़ा रही है।
प्रदेश सरकारों में बदल सकता है सत्ता समीकरण
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व वाली प्रदेश सरकारों से यूएमएल के मंत्रियों को हटाया जा सकता है, जबकि यूएमएल के नेतृत्व वाली सरकारों से कांग्रेस के मंत्रियों के बाहर होने की भी संभावना है। प्रदेश सरकारों के गठन, मुख्यमंत्री पद के बंटवारे और मंत्रिमंडल में भागीदारी को लेकर विभिन्न दलों के बीच लगातार बातचीत जारी है।
केंद्र की राजनीति पर भी पड़ सकता है असर
नई राजनीतिक रणनीति के तहत कांग्रेस और नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के बीच प्रदेशवार नेतृत्व और सत्ता साझेदारी का खाका तैयार किया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि प्रदेशों में गठबंधन बदलने का असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ सकता है। इससे आने वाले समय में केंद्र की राजनीतिक रणनीति और सत्ता समीकरण में भी महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
