37.9 C
Kolkata
Sunday, June 21, 2026

रांची में संघ कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंका, पुलिस जांच में जुटी

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर मंगलवार देररात पेट्रोल बम फेंकने से सनसनी फैल गई। बताया गया है दो संदिग्धों ने सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर फेंका। दोनों बोतल कार्यालय की बाउंड्री से ठीक पहले गिरीं, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।

सीसीटीवी फुटेज से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस प्रशासन इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक्शन में आ गया है। सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस घटना में दो युवक शामिल हैं और जांच के लिए एफएसएल सहित कई विशेष टीमों को मौके पर लगाया गया है। पूरी घटना की तस्वीर वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

नेताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए राजनीतिक गलियारों में भी इसकी तीखी प्रतिक्रिया हुई है। यह सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह और रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ आरएसएस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने इस घटना की तीव्र निंदा की और सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई। नेताओं ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बात कर दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

Related Articles

नवीनतम लेख