पटना (बाढ़)| बिहार में पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा नदी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ के प्रसिद्ध उमानाथ घाट के पास गंगा नदी में एक छोटी नाव असंतुलित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई है, जबकि 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। वहीं, मौके पर मुस्तैद राहत और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।
दियारा से परवल तोड़कर लौट रहे थे किसान, तेज हवा बनी काल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की सुबह बाढ़ अनुमंडल के उमानाथ घाट के समीप रहने वाले बिंद टोली के 14 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर समस्तीपुर जिले के सुल्तानपुर दियारा (मोहिउद्दीननगर) गए थे। ये सभी लोग अक्सर परवल तोड़ने और अन्य खेती-किसानी के कार्यों के लिए दियारा इलाके में जाया करते थे। दोपहर बाद जब सभी लोग काम खत्म करके नाव से वापस लौट रहे थे, तभी नदी के बीच में अचानक तेज हवा और लहरों के कारण नाव अनियंत्रित हो गई और सुल्तानपुर दियारा के समीप ही गंगा नदी में पलट गई।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ का युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की चीख-पुकार सुनते ही स्थानीय ग्रामीण और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए आपदा प्रबंधन की टीम, एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) को तुरंत काम पर लगाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, रेस्क्यू टीम ने अब तक 7 लोगों को सकुशल बचा लिया है, जबकि 3 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। नदी की तेज धारा में लापता 4 अन्य लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
दो जिलों का प्रशासन संभाल रहा कमान, डीएम ने किया निरीक्षण
इस बड़े हादसे के बाद समस्तीपुर और पटना जिला प्रशासन आपस में बेहतर समन्वय स्थापित कर रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं। घटनास्थल पर बाढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी कैंप कर रहे हैं।
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पटना के जिलाधिकारी (DM) डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने खुद बाढ़ पहुंचकर घटनास्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढाढस बंधाया और उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि लापता लोगों की खोज में तेजी लाई जाए और प्रभावित परिवारों को सरकारी नियमानुसार जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
