36 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

नेपाल सुप्रीम कोर्ट ने प्रस्तावित प्रधान न्यायाधीश के खिलाफ याचिका दायर करने का दिया आदेश

काठमांडू । नेपाल के सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाहक प्रधान न्यायाधीश सपना प्रधान मल्ल ने सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश पद पर मनोज शर्मा की सिफारिश के खिलाफ याचिका दायर करने का आदेश दिया है।

सोमवार को कार्यवाहक प्रधान न्यायाधीश मल्ल ने निर्देश दिया कि संबंधित सभी याचिकाओं को दोपहर 1 बजे तक पंजीकृत किया जाए और मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किया जाए। इन याचिकाओं में संवैधानिक परिषद की ओर से जस्टिस मनोज शर्मा को प्रधान न्यायाधीश पद के लिए सिफारिश किए जाने के फैसले को चुनौती दी गई हैं। पिछले हफ्ते ही नेपाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश के पद पर तीन वरिष्ठ न्यायाधीशों को छोड़ कर चौथे वरिष्ठ न्यायाधीश के नाम की सिफारिश की थी, जिसके बाद न्यायपालिका और सरकार आमने-सामने हैं।

इससे पहले सर्वोच्च अदालत प्रशासन ने प्रक्रिया संबंधी आधार पर इन रिट याचिकाओं को पंजीकृत करने से इनकार कर दिया था। इसके बाद याचिकाकर्ताओं ने उस निर्णय को चुनौती देते हुए याचिकाओं के पंजीकरण की मांग की। कार्यवाहक प्रधान न्यायाधीश के सचिवालय से निर्देश मिलने के बाद सोमवार को दोपहर 1 बजे के बाद याचिकाएं पंजीकृत कर ली गईं। अब इस मामले में सुनवाई होगी, जिसमें यह तय किया जाएगा कि प्रशासनिक अस्वीकृति को बरकरार रखा जाए या याचिकाओं को स्वीकार कर आगे की न्यायिक प्रक्रिया चलाई जाए।

संवैधानिक परिषद ने 8 मई को प्रधान न्यायाधीश के लिए जस्टिस मनोज शर्मा के नाम की सिफारिश की थी। इसे वरिष्ठ अधिवक्ता दिनेश त्रिपाठी और अधिवक्ता प्रेम सुवाल ने सर्वोच्च अदालत में चुनौती दी थी। उनका तर्क था कि यह निर्णय वरिष्ठता और स्थापित परंपराओं के खिलाफ है। बार-बार प्रयासों के बावजूद याचिकाएं पंजीकृत नहीं हो पा रही थीं, लेकिन कार्यवाहक प्रधान न्यायाधीश के निर्देश के बाद अब इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ने का रास्ता खुल गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख