पलामू । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनेरीबांध गांव में सोमवार की रात एक भीषण अग्निकांड हुआ। दिलीप पाठक के खपड़ापोस मकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसमें सगाई की खुशियां मातम में बदल गईं। इस हादसे में करीब आठ लाख रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।
नींद में था परिवार, अचानक भड़की आग
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 10:30 बजे हुआ। घर में मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से कंडी और बांस के कच्चे मकान में आग पकड़ ली। उस वक्त परिवार के लोग सो रहे थे, जिससे आग फैलने का पता देर से चला। घर के सदस्यों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
शादी की तैयारियां हुईं राख
पीड़ित दिलीप पाठक ने बताया कि उनके घर में नातिन की सगाई की तैयारियां चल रही थीं। सगाई के लिए खरीदे गए नए सामान, जेवरात, फर्नीचर और 50 हजार रुपये नगद सहित अनाज और कपड़े सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। अब परिवार के पास सिर छुपाने की जगह भी नहीं बची है।
3 घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग
ग्रामीणों ने मोटर पंप के सहारे आग बुझाने की कोशिश की, जिसके बाद सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार रात 2:00 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक पूरा घर स्वाहा हो चुका था।
घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है और फिलहाल अपनी बेटियों के घर शरण लेने को मजबूर है।

