32.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

झारखंड में मानसून सुस्त, सामान्य से 46 प्रतिशत कम बारिश; 4 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट

रांची। झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तक अपेक्षित रफ्तार नहीं पकड़ पाया है। राज्य में 1 जून से 3 जुलाई तक सामान्य से 46 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे खेती-किसानी और जल संसाधनों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। हालांकि मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।

साहिबगंज में सबसे कम, दुमका में सबसे अधिक बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम बारिश साहिबगंज जिले में हुई है। यहां 1 जून से 3 जुलाई के बीच केवल 3.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 99 प्रतिशत कम है। वहीं दुमका में 207.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से केवल 8 प्रतिशत कम है।

रांची, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम और जामताड़ा में भी अपेक्षाकृत बेहतर वर्षा हुई है। दूसरी ओर बोकारो, गढ़वा, पलामू, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, कोडरमा और चतरा उन जिलों में शामिल हैं, जहां सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है।

4 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट, कई जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने 4 जुलाई को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार, 7 जुलाई तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी जिलों के कुछ इलाकों में भारी बारिश का भी अनुमान है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, खेतों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा बिजली गिरने की आशंका के समय सतर्क रहने की अपील की गई है।

रांची में बारिश से मिली राहत

राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। हालांकि कुछ क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी सूचना है।

पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस बोकारो में, जबकि सबसे कम 21.5 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख