32.1 C
Kolkata
Friday, July 3, 2026

केवल ट्रांसफर से नहीं सुधरेगी कानून-व्यवस्था, पुलिस बल को मजबूत करना होगा: राहुल मुर्मू

रांची। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने राज्य में हालिया प्रशासनिक फेरबदल के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। एसोसिएशन का कहना है कि केवल अधिकारियों के तबादले से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव नहीं है। पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार को संसाधनों, मानवबल और आधारभूत सुविधाओं पर दीर्घकालिक निवेश करना होगा।

संसाधन और मानवबल बढ़ाने पर दिया जोर

झारखंड पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने जमशेदपुर और सरायकेला के वरीय पुलिस अधिकारियों के हालिया तबादलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग शासन और पुलिस प्रशासन की नियमित प्रक्रिया है। एसोसिएशन को इस प्रक्रिया पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन अपराध और कानून-व्यवस्था जैसी गंभीर चुनौतियों का समाधान केवल स्थानांतरण से नहीं निकाला जा सकता।

शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस लंबे समय से सीमित संसाधनों और कम संख्या बल के साथ कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही है। ऐसे में सरकार को केवल प्रशासनिक बदलाव तक सीमित न रहकर पुलिस बल की बुनियादी जरूरतों पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

आधुनिक तकनीक और दीर्घकालिक नीति की मांग

राहुल कुमार मुर्मू ने कहा कि बढ़ती चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए, उन्हें आधुनिक उपकरण और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आवश्यक सुविधाएं दी जाएं।

उन्होंने राज्य सरकार से अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए दीर्घकालिक नीति बनाने की मांग की। उनका कहना है कि पर्याप्त संसाधन, आधुनिक तकनीक और आवश्यक मानवबल उपलब्ध कराए बिना कानून-व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करना चुनौतीपूर्ण रहेगा।

उन्होंने कहा कि मजबूत पुलिस तंत्र ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर सकता है और ऐसा वातावरण तैयार कर सकता है, जहां अपराधी कानून को हाथ में लेने का साहस न कर सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख