40.5 C
Kolkata
Thursday, June 4, 2026

विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक की पीट-पीटकर हत्या, माता-पिता और बेटी लहूलुहान

कोडरमा । झारखंड के कोडरमा जिले में बुधवार रात एक सनसनीखेज घटना में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक राजकुमार यादव की हत्या कर दी गई। घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के चितरपुर गांव में हुई, जिसमें राजकुमार के परिवार के तीन अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और ग्रामीणों ने शव के साथ थाना के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मृतक की पहचान 40 वर्षीय राजकुमार यादव के रूप में हुई है। हमले में उनकी 15 वर्षीय पुत्री सोनिका कुमारी, मां सुधा देवी और पिता दशरथ यादव भी घायल हुए हैं। दशरथ यादव की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया है। वहीं मां और पुत्री का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद विधायक डॉ. नीरा यादव अस्पताल पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। विधायक ने आरोप लगाया कि यदि पुलिस पहले मिली शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई करती तो यह घटना टाली जा सकती थी।

डॉ. नीरा यादव ने बताया कि घटना से पहले राजकुमार ने उन्हें गांव में चल रहे विवाद की जानकारी दी थी। उनके अनुसार, राजकुमार ने बताया था कि कुछ लोग उनकी मां के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार कर रहे हैं। इसके बाद उन्होंने कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को फोन कर तत्काल पुलिस बल भेजने का अनुरोध किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

विधायक का आरोप है कि ड्यूटी समाप्त कर घर लौटने के कुछ ही समय बाद राजकुमार पर हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि पूरी घटना सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई है और मामले में कोडरमा थाना प्रभारी की भूमिका संदिग्ध प्रतीत होती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद जिले के पुलिस अधीक्षक मौके पर नहीं पहुंचे और न ही तत्काल कोई ठोस कार्रवाई की गई। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

घटना के विरोध में गुरुवार सुबह ग्रामीणों और परिजनों ने शव के साथ कोडरमा थाना के सामने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख