26.7 C
Kolkata
Saturday, March 7, 2026

महिला कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र में मेगा करियर काउंसलिंग

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के महिला कॉलेज चाईबासा परिसर स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र की ओर से रविवार को एक भव्य मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, प्रशिक्षुओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को उच्च शिक्षा एवं करियर के नए अवसरों से अवगत कराना था। इस अवसर पर इग्नू क्षेत्रीय केंद्र के सीनियर रीजनल डायरेक्टर शुभकांत मोहंती मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के तहत डीपीएस पब्लिक स्कूल एवं इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शुभकांत मोहंती ने बताया कि इग्नू 12वीं के बाद बीए, बीकॉम, बीएससी सहित कई स्नातक पाठ्यक्रम उपलब्ध कराता है, जो मल्टीपल एंट्री–एग्जिट प्रणाली पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि इग्नू की डिग्री यूजीसी से मान्यता प्राप्त है, जिससे विद्यार्थियों को सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के साथ-साथ उच्च शिक्षा के व्यापक अवसर मिलते हैं।
इसके बाद जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम के पारा लीगल वॉलंटियर्स के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रशासन एवं विकास से संबंधित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। बताया गया कि ये पाठ्यक्रम उनके कार्यक्षेत्र को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक हो सकते हैं।
बीएड प्रशिक्षुओं के लिए आयोजित सत्र में शिक्षण क्षेत्र में रोजगार, उच्च शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं सीआरपीएफ 197 बटालियन के जवानों को इग्नू की विशेष शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनके तहत जवान, अधिकारी और उनके परिजन यूजी, पीजी, डिप्लोमा और सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान काउंसलर मीट और प्रेस मीट का भी आयोजन किया गया, जिसमें इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों, मूल्यांकन प्रक्रिया और नई शैक्षणिक पहलों पर जानकारी साझा की गई। इस मेगा करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में करीब 400 लाभार्थियों ने भाग लेकर शिक्षा और करियर से जुड़े महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किए।
कार्यक्रम में दीपेंद्र कुमार, राजीव लोचन नमता, प्रीतिबाला सिन्हा, रवि चौधरी, सुरेश कुमार, राजू ओझा सहित महिला कॉलेज के शिक्षक, काउंसलर, छात्र, वॉलंटियर्स और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles