32 C
Kolkata
Saturday, April 18, 2026

जलापूर्ति बाधित रहने पर महापौर ने पाइपलाइन शिफ़्टिंग का किया निरीक्षण

पलामू। पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत बारहलोटा जलापूर्ति योजना की पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य इन दिनों जारी है। भूसही इंटकवेल से आने वाली राइजिंग पाइपलाइन को गोरोहो मंदिर के पास छलका नाला में स्थानांतरित किया जा रहा है, जो पिछले एक सप्ताह से चल रहा है। शनिवार को उप महापौर मनोज सिंह ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उप महापौर ने भूसही इंटकवेल का भी दौरा किया। बताया गया कि कुछ माह पहले सुआ पंचायत के मुखिया समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने नगर आयुक्त जावेद हुसैन से मुलाकात कर पुल से पाइपलाइन हटाने की मांग की थी। उनका कहना था कि बरसात के दौरान बाढ़ आने पर सुआ पंचायत के भूसही और लसुनिया क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

नगर आयुक्त द्वारा पाइपलाइन निरीक्षक छोटे लाल गुप्ता को पहले ही पाइप शिफ्टिंग का निर्देश दिया गया था, लेकिन नाले में पानी भरा होने के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा था। अब एक सप्ताह से कार्य तेजी से जारी है।

इधर, पाइपलाइन शिफ्टिंग के कारण बारहलोटा जलापूर्ति बाधित होने से कई इलाकों में पानी की किल्लत उत्पन्न हो गई है। इसको लेकर महापौर अरुणा शंकर और उप महापौर मनोज सिंह को शिकायतें मिली थीं। निरीक्षण के दौरान उप महापौर ने निर्देश दिया कि अगले तीन दिनों के भीतर जलापूर्ति बहाल की जाए। साथ ही उन्होंने इंटकवेल में लग रहे स्टेनर गैलरी का भी निरीक्षण किया।

पम्प चालक पप्पू सिंह ने मौके पर तकनीकी खराबी की जानकारी देते हुए उसे जल्द ठीक कराने की मांग की। उप महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

बारहलोटा जलापूर्ति ठप होने से बरहलोटा, रेडमा, रांची रोड, पांकी रोड, जीएलए कॉलेज रोड, रजवाडीह और बड़का गांव जैसे क्षेत्रों में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।

पाइपलाइन निरीक्षक ने जानकारी दी कि शिफ्टिंग के बाद टेस्ट ट्रायल पूरा कर लिया गया है। अगले दो दिनों में थ्रस्ट ब्लॉक डालने का काम भी पूरा कर लिया जाएगा, जिसके लिए बाहरी मजदूरों के साथ-साथ नगर निगम की टीम भी तेजी से कार्य कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख