29 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

भवानीपुर के चुनावी दंगल में उतरीं ममता बनर्जी, चुनाव आयोग पर लगाया पक्षपात का गंभीर आरोप

कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के दौरान आज भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में सियासी हलचल तेज रही। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी ने खुद मैदान में उतरकर विभिन्न मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर कड़े सवाल खड़े किए।

बूथों का निरीक्षण और कार्यकर्ताओं से संवाद
ममता बनर्जी सुबह अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर चेतला, पद्मपुकुर रोड और चक्रबेड़िया जैसे संवेदनशील इलाकों में पहुँचीं। उन्होंने न केवल मतदान की स्थिति देखी, बल्कि ग्राउंड पर मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाया।

“बाहरी पर्यवेक्षकों के जरिए फैलाया जा रहा डर”
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। ममता ने कहा कि चुनाव आयोग जानबूझकर तृणमूल कांग्रेस को परेशान कर रहा है और बिना परामर्श के अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के बाहर से आए पर्यवेक्षक भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं और मतदाताओं में दहशत का माहौल बना रहे हैं। सीएम ने दावा किया कि कोर्ट के निर्देशों के बावजूद बाहरी लोगों को चुनावी प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जिसके लिए उन्होंने अवमानना का नोटिस भी भेजा है।

शुभेंदु अधिकारी का तंज: “दबाव में हैं दीदी”
ममता बनर्जी की इस सक्रियता पर विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पलटवार किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भारी दबाव में हैं, इसलिए उन्हें सुबह-सुबह बूथों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शुभेंदु ने कहा कि जब हार का डर होता है, तभी नेता इस तरह की बेचैनी दिखाते हैं।

भवानीपुर में हो रही इस हाई-प्रोफाइल वोटिंग पर पूरे देश की नजर बनी हुई है, जहाँ सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख