30 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

रांची में ब्राउन शुगर तस्करी का बड़ा भंडाफोड़: मां-बेटे समेत तीन तस्कर गिरफ्तार, 159 पुड़िया ड्रग्स बरामद

रांची| राजधानी रांची में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान जारी है। इसी कड़ी में रांची पुलिस ने सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए मां-बेटे समेत तीन शातिर ड्रग तस्करों को दबोचा है। पुलिस ने इनके पास से 16.43 ग्राम ब्राउन शुगर (कुल 159 पुड़िया), 3 स्मार्टफोन और ₹7,320 नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत अग्रवाल, कुसुम चौबे और उसके बेटे अंकुश चौबे के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर बनी स्पेशल टीम, ऐसे जाल में फंसा पहला तस्कर

वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) राकेश रंजन ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस को 31 मई को पुख्ता सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर के विद्यानगर स्थित करम चौक इलाके में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना मिलते ही हटिया डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

जब पुलिस टीम विद्यानगर के रोड नंबर-06 पहुंची, तो वहाँ मौजूद एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अनिकेत अग्रवाल (23 वर्ष) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 2.05 ग्राम वजन की ब्राउन शुगर की 20 पुड़िया बरामद हुईं।

निशानदेही पर मां-बेटे के घर पर रेड, अलमारी से भी मिला नशा

पकड़े गए अनिकेत की निशानदेही पर पुलिस ने उसी इलाके में रहने वाली कुसुम चौबे और उसके बेटे अंकुश चौबे के घर पर अचानक धावा बोल दिया। घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नशा बरामद हुआ:

  • कुसुम चौबे: इसके पास से 4.94 ग्राम वजन की 49 पुड़िया ब्राउन शुगर मिली।

  • अंकुश चौबे: इसके पास से 4.65 ग्राम वजन की 45 पुड़िया बरामद हुई।

  • घर की अलमारी: गहन तलाशी के दौरान अलमारी में रखे एक भूरे रंग के पर्स से 4.79 ग्राम वजन की 45 पुड़िया और जब्त की गईं।

आरोपी अंकुश का है आपराधिक इतिहास, पुलिस खंगाल रही है पूरा नेटवर्क

एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ सुखदेवनगर थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अंकुश चौबे पहले भी आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है कि आखिर रांची में नशे की यह खेप कहाँ से आ रही थी और इसके मुख्य सप्लायर कौन हैं। इस सफल छापेमारी अभियान में डीएसपी नीरज कुमार, अरगोड़ा थाना प्रभारी अनिल तिवारी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी सुनील कुमार कुशवाहा सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

Related Articles

नवीनतम लेख