31 C
Kolkata
Thursday, May 14, 2026

राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुए माधवलाल सिंह

बोकारो । गोमिया के नेता और बिहार-झारखंड के पूर्व मंत्री माधवलाल सिंह गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। गोमिया प्रखंड के साड़म स्थित बोकारो नदी तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने के लिए क्षेत्रभर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। नदी तट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।

अंतिम संस्कार से पूर्व झारखंड पुलिस के सशस्त्र बलों ने दिवंगत नेता को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। मातमी धुन के बीच जैसे ही राजकीय सम्मान की प्रक्रिया पूरी हुई, समर्थकों की आंखें नम हो गईं। पूरा साड़म क्षेत्र गोमिया का एक लाल कैसा हो, माधव लाल जैसा हो के नारों से गूंज उठा।

अंतिम यात्रा और अंत्येष्टि में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, एसडीपीओ बेरमो बीएन सिंह, बीडीओ गोमिया महादेव कुमार महतो, सीओ आफताब आलम, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कुमार महेश सिंह, झामुमो जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सुरेंद्र राज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

क्षेत्र के लोगों ने बताया कि माधवलाल सिंह हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की आवाज बनकर खड़े रहे। वे राजनीति के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़े थे। अंतिम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ ने उनके प्रति जनता के अपार प्रेम और सम्मान को दर्शाया।

उल्लेखनीय है कि लंबी बीमारी के बाद बुधवार को माधवलाल सिंह का पल्स अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था।

Related Articles

नवीनतम लेख