31 C
Kolkata
Thursday, May 14, 2026

शिक्षा ही राष्ट्र को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम : मुंडा

खूंटी । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) खूंटी इकाई की ओर से बिरसा कॉलेज के बहुद्देशीय भवन में दो दिवसीय प्रतिभा सम्मान समारोह सह शिक्षा मेला का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के पहले दिन गुरुवार को मैट्रिक परीक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले लगभग 3200 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावक, शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही।

कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, अभाविप प्रदेश अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल, प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी और बिरसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ चंद्रकिशोर भगत ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, शिक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि अर्जुन मुंडा ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को सम्मानित करने से समाज में सकारात्मक वातावरण बनता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश के भविष्य हैं और शिक्षा ही राष्ट्र को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को प्रेरित करने में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।

अभाविप प्रदेश अध्यक्ष डॉ मौसमी पॉल ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच से ही सफलता प्राप्त होती है। वहीं बिरसा कॉलेज के प्राचार्य डॉ चंद्रकिशोर भगत ने प्रतिभाओं को सम्मानित किए जाने को शिक्षा क्षेत्र में प्रेरणादायक पहल बताया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित शिक्षा मेले में विभिन्न शिक्षण संस्थानों की ओर से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, करियर मार्गदर्शन और उच्च शिक्षा से जुड़ी जानकारी दी गई। समारोह में अभाविप प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, मीडिया प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख