21 C
Kolkata
Wednesday, April 29, 2026

सदन में आज लोकसभा में स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव बहस, हंगामे के आसार

नई दिल्ली | संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण का आज दूसरा दिन है। पहले दिन, ईरान युद्ध पर चर्चा की मांग को लेकर हुए भारी हंगामे ने दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित कर दी थी। आज भी संसद में गतिरोध की संभावना बनी हुई है क्योंकि कांग्रेस सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश कर सकते हैं। इस प्रस्ताव पर विपक्ष के 118 सांसदों के हस्ताक्षर हैं, जिसमें आरोप लगाया गया है कि स्पीकर ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सदन में बोलने से रोककर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया।

हालांकि, यह प्रस्ताव तभी लाया जा सकेगा जब सदन की अनुमति मिलेगी। सूत्रों के अनुसार, इस पर चर्चा की शुरुआत संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। इसके बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर, निशिकांत दुबे, रविशंकर प्रसाद और भर्तृहरि महताब अपने विचार प्रकट करेंगे। साथ ही लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के चिराग पासवान भी चर्चा में हिस्सा लेंगे।

दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से गौरव गोगोई, मनीष तिवारी, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और जोथिमणि लोकसभा स्पीकर को हटाने के लिए लाए गए प्रस्ताव के पक्ष में अपनी दलीलें देंगे।

इसके अलावा, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2025-26 के लिए अनुपूरक अनुदान मांगों – सेकंड बैच पर दोनों सदनों में अपना बयान पेश करेंगी। वहीं, लोकसभा में कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित मामलों पर चर्चा होगी। मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल 2024-25 के लिए अनुदान मांगों पर स्टैंडिंग कमेटी की सिफारिशों के कार्यान्वयन को लेकर बयान देंगे।

राज्यसभा में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा जारी रहेगी। सोमवार को भाजपा सांसद घनश्याम तिवारी द्वारा उठाए गए मुद्दे का जवाब संबंधित मंत्री देंगे। कार्यसूची के अनुसार, राज्यसभा में ग्रामीण विकास मंत्रालय के कामकाज पर भी चर्चा की जाएगी।

गौरतलब है कि संसद का बजट सत्र 28 जनवरी को आरंभ हुआ था। पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त हुआ और दूसरा चरण 2 अप्रैल तक चलने वाला है।

Related Articles

नवीनतम लेख