नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले का लखनपुर प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत देश के पहले चयनित स्ट्रीट फूड हब नगरों में शामिल हो गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय का आभार व्यक्त किया।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के विकास को दी जा रही प्राथमिकता का ही परिणाम है कि लखनपुर को शुरुआती स्वीकृत नगरों में स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और अन्य यात्रियों को इस परियोजना से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्थानीय रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों की आजीविका भी मजबूत होगी।
चार करोड़ रुपये से विकसित होगा आधुनिक फूड हब
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि स्ट्रीट फूड हब पहल का उद्देश्य स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक वेंडिंग स्थल विकसित करना है, जहां स्थानीय खान-पान को बढ़ावा देने के साथ विक्रेताओं को सम्मानजनक आजीविका मिल सके। योजना के तहत प्रत्येक स्वीकृत परियोजना को चार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता तीन किश्तों में दी जाएगी। जिन शहरों ने स्ट्रीट वेंडिंग योजना अधिसूचित कर दी है, उन्हें 25 लाख रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी मिलेगा।
डोगरा व्यंजनों को मिलेगा बढ़ावा
लखनपुर में यह फूड हब पुराने बस अड्डे और सेल्स टैक्स कार्यालय के निकट दो क्लस्टरों में विकसित किया जाएगा। लगभग 1,754.25 वर्गमीटर क्षेत्र में बनने वाला यह केंद्र आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जहां डोगरा व्यंजनों सहित स्थानीय खान-पान की समृद्ध परंपरा को बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगी नई गति
आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय देशभर में 50 स्ट्रीट फूड हब विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है। इस योजना के लिए 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से 126 प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। लखनपुर का चयन क्षेत्र की पर्यटन क्षमता, सांस्कृतिक महत्व और स्थानीय खाद्य परंपरा को ध्यान में रखकर किया गया है।
इस परियोजना से लखनपुर केवल जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की खाद्य विरासत और पाक-पर्यटन का प्रमुख केंद्र भी बन सकेगा। इससे स्थानीय रोजगार, उद्यमिता और पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है।
