किशनगंज । बिहार सरकार के गृह विभाग (कारा) ने राज्य की जेलों में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 जेल उपाधीक्षकों का तबादला किया है।
जारी अधिसूचना के तहत मंडल कारा किशनगंज में अभिषेक कुमार सिंह को नया जेल उपाधीक्षक नियुक्त किया गया है। गृह विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, स्थानांतरित सभी अधिकारियों को तत्काल अपने-अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।विभाग ने नए दायित्वों का शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर कारा प्रशासन की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने को कहा है। विभाग के अनुसार, यह तबादला प्रशासनिक आवश्यकता तथा जेल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
इससे राज्य की विभिन्न जेलों में प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। कारा प्रशासन से जुड़े जानकारों का मानना है कि अधिकारियों के अनुभव और कार्यक्षमता के आधार पर किए गए इस फेरबदल से जेलों की सुरक्षा, कैदियों के प्रबंधन और प्रशासनिक दक्षता में सुधार होगा। मंडल कारा किशनगंज में अभिषेक कुमार सिंह के पदभार ग्रहण करने के बाद जेल प्रशासन में बेहतर समन्वय और प्रभावी कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है।
