किशनगंज । मुहर्रम जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर किशनगंज पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक महिला सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती पाई गई महिला सिपाही अनुप्रिया कुमारी के खिलाफ यह कार्रवाई की। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं। शनिवार को पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे पुलिस अधीक्षक शहर के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का औचक निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान सौदागर पट्टी चौक पर तैनात महिला सिपाही संख्या-853 अनुप्रिया कुमारी अपने निर्धारित कर्तव्यों के निर्वहन के बजाय मोबाइल फोन का उपयोग करती मिलीं। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बुलाए जाने के बावजूद वह मोबाइल में ही व्यस्त रहीं और ड्यूटी के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि मुहर्रम पर्व को लेकर सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पहले ही स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद आदेशों की अवहेलना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिस अधीक्षक ने मौके पर ही निलंबन की कार्रवाई की।
एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) को पूरे मामले की जांच कर 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। वहीं निलंबित महिला सिपाही से विभागीय जांच के तहत सात दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है। किशनगंज पुलिस ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि संवेदनशील ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा आदेशों की अवहेलना को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने कहा है कि “जीरो टॉलरेंस” की नीति के तहत भविष्य में भी ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
