38.8 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

केदारनाथ हादसा: खाई में गिरने से फर्रुखाबाद के युवक की मौत

कायमगंज/फर्रुखाबाद। उत्तराखंड के बाबा केदारनाथ धाम की पवित्र यात्रा पर गए उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। बाबा के दर्शन कर लौट रहे कंपिल नगर निवासी 28 वर्षीय युवक प्रिंस शुक्ला की घोड़े से संतुलन बिगड़ने के कारण गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। इस खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

दर्शन कर लौटते समय हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, प्रिंस शुक्ला अपने रिश्तेदारों और मित्रों के साथ केदारनाथ यात्रा पर गए थे। बुधवार सुबह बाबा के दर्शन करने के बाद प्रिंस घोड़े पर सवार होकर सोनप्रयाग की तरफ वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यात्रा मार्ग पर अचानक घोड़े ने अपना संतुलन खो दिया, जिससे प्रिंस संभल नहीं पाए और सीधे गहरी खाई में जा गिरे।

रेस्क्यू टीम के पहुंचने से पहले थमी सांसें

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों और सह-यात्रियों ने तुरंत मदद की कोशिश की। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की रेस्क्यू टीम भी तेजी से खाई में उतरी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सिर और शरीर पर लगी गंभीर चोटों के कारण प्रिंस की मौके पर ही सांसें थम चुकी थीं।

एक साल का मासूम बेटा छोड़ गया प्रिंस

मृतक प्रिंस शुक्ला अपने परिवार में बेहद जिम्मेदार और मिलनसार स्वभाव के युवक थे। करीब तीन साल पहले ही उनका विवाह हुआ था और उनका एक साल का मासूम बेटा भी है, जिसके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है। इस हादसे के बाद से प्रिंस के साथ यात्रा पर गए उनके साथी भी गहरे सदमे में हैं।

शव की राह निहारते पथराईं परिजनों की आँखें

घटना से कुछ घंटे पहले ही प्रिंस ने फोन पर अपने परिजनों से बात की थी, जिससे परिवार को इस अनहोनी पर यकीन ही नहीं हो रहा है। गुरुवार बीत जाने के बाद भी शव घर न पहुंचने से परिजनों का सब्र टूट रहा है। मृतक के पिता ने रुंधे गले से बताया कि बेटे की आखिरी झलक पाने के लिए पूरे परिवार की आंखें पथरा गई हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख