रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने मंगलवार को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (बैकलॉग) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 का परिणाम घोषित कर दिया है। पीटी परीक्षा में क्वालिफाई करने वाले अभ्यर्थी अब मुख्य (लिखित) परीक्षा में शामिल होने के पात्र होंगे। आयोग ने सफल परीक्षार्थियों की सूची अपनी ऑफिशियल वेबसाइट पर अपलोड कर दी है।
बता दें कि इस बैकलॉग प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 17 मई 2026 को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर किया गया था। पीटी में सफल रहे अभ्यर्थियों के लिए मुख्य परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज (7 जुलाई 2026) से ही शुरू कर दी गई है। उम्मीदवारों को तय समय सीमा के भीतर अपने सभी शैक्षणिक, आरक्षण और संबंधित प्रमाण-पत्रों की स्कैन कॉपी ऑनलाइन अपलोड करनी होगी। दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जमा करने से जुड़े नियम भी वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम में किसी भी तरह की टाइपिंग या तकनीकी त्रुटि होने पर जेपीएससी के पास संशोधन का पूरा अधिकार सुरक्षित रहेगा। अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के विस्तृत दिशा-निर्देशों और महत्वपूर्ण तिथियों के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट चेक करने की सलाह दी गई है।
