35 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

झारखंड में मौसम का ‘ऑरेंज अलर्ट’: 4-5 मई को बारिश, ओलावृष्टि और 60 किमी की रफ्तार से चलेंगे झोंके

रांची । भीषण गर्मी के बीच झारखंड के लोगों के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ आने वाली है। मौसम विभाग ने राज्य में मौसम के मिजाज में बड़े बदलाव का पूर्वानुमान जताते हुए 4 और 5 मई को भारी बारिश, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इन जिलों में दिखेगा सबसे ज्यादा असर
मौसम केंद्र के अनुसार, अगले 48 घंटों में राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बादलों का डेरा रहेगा:
4 मई को: रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, जामताड़ा और संताल परगना के जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है।
5 मई को: राजधानी रांची सहित खूंटी, कोल्हान प्रमंडल (पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम) और सरायकेला-खरसावां में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं।

तापमान का ताजा हाल
पिछले 24 घंटों में राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहा। जहां डाल्टनगंज 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। रांची में रविवार दोपहर बाद मौसम खुशनुमा हो गया और ठंडी हवाओं ने लोगों को चिलचिलाती धूप से राहत दिलाई।

सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को वज्रपात (बिजली गिरने) से बचने की सलाह दी है। किसानों को तैयार फसलों और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास न खड़े रहने की हिदायत दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख