रांची | यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (वाईएचएआई), झारखंड राज्य शाखा के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज झारखंड के माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से राजभवन में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें आगामी ‘झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
समारोह का मुख्य उद्देश्य और रूपरेखा
यह प्रतिष्ठित समारोह 2 जुलाई, 2026 को आर्यभट्ट सभागार, रांची विश्वविद्यालय, रांची में आयोजित किया जाएगा। ‘झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड’ का आयोजन प्रत्येक दो वर्ष में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया जाता है।
इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिलेगा सम्मान
इस वर्ष शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, साहित्य, समाज सेवा, कला, संस्कृति, युवा विकास एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के योगदान को पहचान देना तथा युवाओं को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करना है।
प्रतिनिधिमंडल में यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा के शिवेंद्र नाथ दुबे, चंचल भट्टाचार्य एवं उदय साहू शामिल थे।
यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया, झारखंड राज्य शाखा का प्रयास है कि ‘झारखंड एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ समाज में सेवा, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ करे तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करे।
