रांची । झारखंड में सूर्य देव के कड़े तेवरों ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी रांची समेत पूरा राज्य भीषण गर्मी और तपिश की चपेट में है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। विशेषकर 20 और 21 अप्रैल को राज्य के 8 जिलों में भीषण लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है।
इन 8 जिलों के लिए चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र ने जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है, उनमें उत्तर-पश्चिमी और दक्षिणी झारखंड के जिले प्रमुख हैं। पलामू संभाग: गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार। कोल्हान व अन्य: पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और खूंटी।
क्यों बढ़ रही है तपिश?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में पूर्वी और पश्चिमी दिशा से एक निम्न दबाव का क्षेत्र विकसित हो रहा है। यह सिस्टम पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, मणिपुर और पश्चिम बंगाल के हिमालयी क्षेत्रों से होते हुए सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से आने वाले दिनों में झारखंड के मौसम में और भी तल्खी देखने को मिल सकती है।
डाल्टनगंज रहा सबसे गर्म, गुमला में राहत
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो डाल्टनगंज 42.1°से. के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं, गुमला में न्यूनतम तापमान 17.7°से. दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

