नई दिल्ली। झारखंड सरकार की ओर से आयोजित नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन–2026 में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के नेतृत्व में शामिल हुआ। कार्यक्रम में राज्य की नई औद्योगिक और निवेश नीतियों पर उद्यमियों, निवेशकों और नीति विशेषज्ञों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
औद्योगिक निवेश और नीतियों पर दिए सुझाव
कंसल्टेशन के दौरान झारखंड औद्योगिक एवं निवेश प्रोत्साहन नीति–2026 (प्रारूप), झारखंड वस्त्र, परिधान एवं फुटवियर नीति–2026 (प्रारूप) सहित विभिन्न क्षेत्रीय नीतियों पर सुझाव लिए गए। झारखंड चैम्बर ने राज्य की उद्योग और वस्त्र नीति की सराहना करते हुए उन्हें और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
चैम्बर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि नीति निर्माण में चैम्बर के सुझावों को शामिल करने के लिए उद्योग मंत्री, उद्योग सचिव और उद्योग निदेशक का आभार है।
निवेश समझौतों का किया स्वागत, मंत्रियों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए हुए विभिन्न समझौता ज्ञापनों का झारखंड चैम्बर ने स्वागत किया। चैम्बर ने कहा कि इन समझौतों से राज्य में निवेश बढ़ेगा, रोजगार के नए अवसर बनेंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार, उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, व्यापार सुगमता और उद्योगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की समन्वय समिति के अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा के अलावा महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल, उद्योग उपसमिति के चेयरमैन बिनोद कुमार अग्रवाल और उपसमिति चेयरमैन निरंजन शर्मा शामिल थे।
