31 C
Kolkata
Tuesday, April 28, 2026

IPL 2026: दिल्ली में भुवनेश्वर कुमार का कहर, पर्पल कैप पर किया कब्जा; विराट कोहली ने रचा इतिहास

नई दिल्ली । आईपीएल 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। दिल्ली की टीम आरसीबी की घातक गेंदबाजी के सामने ताश के पत्तों की तरह ढह गई और पूरी टीम महज 75 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ ही ऑरेंज और पर्पल कैप की रेस में बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं।

पर्पल कैप: ‘स्विंग किंग’ भुवनेश्वर बने नंबर-1
आरसीबी के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने अपनी स्विंग का जादू बिखेरते हुए दिल्ली के टॉप ऑर्डर को तहस-नहस कर दिया। भुवी ने 3 ओवर में महज 5 रन देकर 3 विकेट चटकाए। ये सभी विकेट पावरप्ले के दौरान आए। अब 14 विकेटों के साथ भुवनेश्वर कुमार पर्पल कैप की रेस में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अंशुल कंबोज और ईशान मलिंगा को पीछे छोड़ दिया है। जोश हेजलवुड ने भी दिल्ली को संभलने का मौका नहीं दिया और 4 विकेट झटके, जबकि क्रुणाल पांड्या ने भी टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में जगह बना ली है।

ऑरेंज कैप: कोहली का ‘9 हजारी’ क्लब में प्रवेश
बल्लेबाजी में दिग्गज विराट कोहली का जलवा बरकरार है। दिल्ली के खिलाफ नाबाद 23 रनों की पारी खेलते ही कोहली ने आईपीएल इतिहास में अपने 9000 रन पूरे कर लिए हैं।

इस पारी के दम पर विराट अब ऑरेंज कैप की रेस में 351 रनों के साथ चौथे पायदान पर पहुंच गए हैं। फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा 380 रनों के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं। उनके बाद केएल राहुल (358 रन) और वैभव सूर्यवंशी (357 रन) का नंबर आता है।

दिल्ली का शर्मनाक रिकॉर्ड
आरसीबी की धारदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली कैपिटल्स पावरप्ले में ही अपने 6 विकेट खोकर महज 13 रन बना सकी थी, जो आईपीएल इतिहास के न्यूनतम स्कोर में से एक है।

Related Articles

नवीनतम लेख