31 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

अमेरिका के आयोवा में अंधाधुंध गोलीबारी, 6 रिश्तेदारों की हत्या के बाद हमलावर ने खुद को उड़ाया

वाशिंगटन (मुस्काटीन) | अमेरिका का आयोवा राज्य सोमवार को उस समय दहल उठा, जब एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद के चलते दो अलग-अलग मकानों और एक दुकान में घुसकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस दिल दहला देने वाली घटना में हमलावर ने अपने ही परिवार के कम से कम छह लोगों को मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद, पुलिस घेराबंदी से घबराकर संदिग्ध ने खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दोपहर में गूंजी गोलियों की तड़तड़ाहट
मुस्काटीन शहर के पुलिस प्रमुख एंथनी कीस के अनुसार, स्थानीय प्रशासन को सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गोलीबारी की पहली सूचना मिली थी। जब तक पुलिस बल मौके पर पहुंच पाता, तब तक हमलावर चार लोगों की जान ले चुका था। घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए, लेकिन आरोपी पुलिस के आने से पहले ही वहां से रफूचक्कर हो चुका था।

घेराबंदी देख आरोपी ने की खुदकुशी
पुलिस ने तुरंत खोजी अभियान चलाकर 52 वर्षीय संदिग्ध रयान विलिस मैकफारलैंड को ढूंढ निकाला। पुलिस टीम जैसे ही उसे हिरासत में लेने के लिए आगे बढ़ी, रयान ने खुद पर बंदूक तान दी और गोली चला दी। पुलिस अधिकारियों और चिकित्सकों की टीम ने मौके पर ही उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दुकान और दूसरे मकान से भी मिले शव
मामले की जांच के दौरान पुलिस को क्षेत्र में कुछ और जगहों पर भी फायरिंग होने की भनक लगी। इसके बाद जब पुलिस ने गहन तलाशी ली, तो पास के ही एक अन्य मकान और एक दुकान से दो और नागरिकों के शव बरामद हुए। सभी पीड़ितों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि उन्हें बेहद करीब से निशाना बनाया गया था।

प्राथमिक जांच में घरेलू कलह की आशंका
मुस्काटीन पुलिस द्वारा जारी एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार “शुरुआती जांच और साक्ष्यों से यह साफ संकेत मिल रहे हैं कि यह भीषण हत्याकांड किसी गहरे घरेलू विवाद का परिणाम था। मारे गए सभी छह पीड़ित आरोपी के ही परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार प्रतीत हो रहे हैं।”

इस सामूहिक हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मृतकों की आधिकारिक पहचान सुनिश्चित करने और विवाद की मुख्य वजह का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

नवीनतम लेख