28.7 C
Kolkata
Thursday, July 16, 2026

भारत-नेपाल ने पनबिजली और बिजली व्यापार परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

काठमांडू। भारत और नेपाल ने ऊर्जा क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पोखरा में भारत-नेपाल संयुक्त संचालन समिति (जेएससी) की 13वीं बैठक आयोजित की। बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विद्युत मंत्रालय के सचिव पंकज अग्रवाल और नेपाल के ऊर्जा, जलस्रोत एवं सिंचाई मंत्रालय की सचिव सरिता दवाड़ी ने की।

बैठक से पहले संयुक्त कार्य समूह (जेडब्ल्यूजी) की 13वीं बैठक भी हुई। इसकी सह-अध्यक्षता भारत के विद्युत मंत्रालय के संयुक्त सचिव (ट्रांसमिशन) पंकज कुमार और नेपाल के ऊर्जा, जलस्रोत एवं सिंचाई मंत्रालय के संयुक्त सचिव संदीप कुमार देव ने की।

पनबिजली और ट्रांसमिशन परियोजनाओं पर चर्चा

काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों देशों ने ऊर्जा क्षेत्र में चल रहे सहयोग की व्यापक समीक्षा की। बैठक में पनबिजली परियोजनाओं के विकास, सीमा-पार बिजली व्यापार और विद्युत प्रसारण अवसंरचना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

दोनों पक्षों ने 400 केवी गोरखपुर-न्यू बुटवल ट्रांसमिशन लाइन सहित नई ट्रांसमिशन परियोजनाओं में हुई प्रगति पर संतोष जताया। साथ ही, चल रही और प्रस्तावित बिजली उत्पादन तथा ट्रांसमिशन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

हरित ऊर्जा सहयोग पर भी जोर

बैठक में भारतीय और नेपाली विद्युत ग्रिड के समन्वित संचालन, सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विकास, हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में सहयोग और नेपाली ऊर्जा विशेषज्ञों की क्षमता विकास जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

संयुक्त संचालन समिति की बैठक से पहले 14 जुलाई को भारत के विद्युत सचिव पंकज अग्रवाल ने नेपाल के ऊर्जा, जलस्रोत एवं सिंचाई मंत्री बिराज भक्त श्रेष्ठ से शिष्टाचार भेंट कर दोनों देशों के ऊर्जा सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।

दोनों देशों ने विश्वास जताया कि बैठक के निष्कर्ष भारत-नेपाल ऊर्जा सहयोग को नई मजबूती देंगे और भविष्य की साझा ऊर्जा परियोजनाओं को गति प्रदान करेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख