30.6 C
Kolkata
Saturday, July 11, 2026

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी का हॉकी टूर्नामेंट, हॉकी खूंटी बनी विजेता

खूंटी। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के अवसर पर परिषद की खूंटी इकाई ने गुरुवार को एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

हॉकी से व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता का संदेश

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एबीवीपी झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस विद्यार्थियों की शक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा झारखंड की समृद्ध हॉकी परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि बिरसा कॉलेज, खूंटी के निवर्तमान प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।

फाइनल में हॉकी खूंटी ने जीता खिताब

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हॉकी खूंटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कामनता खूंटी को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता और उपविजेता टीमों को समारोह में सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जॉन टोपनो को ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ का पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर खेल प्रमुख राजकुमार गुप्ता, जिला संयोजक हीरांजलि हेमरोम, हॉकी प्रशिक्षक अमित सौरभ एक्का, अतुल सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में मधुवा मुंडा, सुखराम हेमरोम, रजनी संगा, करुणा और मंजन हेमरोम सहित एबीवीपी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

नवीनतम लेख