30.6 C
Kolkata
Friday, July 10, 2026

झारखंड में 13 और 14 जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट, 17 जुलाई तक वज्रपात की चेतावनी

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने 13 और 14 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 17 जुलाई तक राज्यभर में गर्जन, वज्रपात और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई को उत्तर-पूर्वी, उससे सटे मध्यवर्ती और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है। वहीं, 14 जुलाई को उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर यातायात प्रभावित हो सकता है।

17 जुलाई तक जारी रहेगा येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि 17 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ वज्रपात की स्थिति बनी रह सकती है। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि गर्जन के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले मैदान में खड़े होने से बचें।

हंटरगंज में सबसे अधिक बारिश

पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक 75.5 मिलीमीटर वर्षा चतरा जिले के हंटरगंज में दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस बोकारो में और सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम में रिकॉर्ड किया गया।

शुक्रवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद हल्की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री, डाल्टनगंज का 32.6 डिग्री, बोकारो का 33.5 डिग्री और चाईबासा का 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Related Articles

नवीनतम लेख