29.3 C
Kolkata
Thursday, July 23, 2026

हरदीप पुरी ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति से बातचीत की, रणनीतिक ऊर्जा साझेदारी को दोहराया

नई दिल्ली । केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिग्ज गोमेज के साथ बातचीत की। इस दौरान पुरी ने वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित करने वाली मौजूदा भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच दक्षिण अमेरिकी देश के साथ ऊर्जा सहयोग को मज़बूत करने के भारत के संकल्प को दोहराया।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी एलोइना रोड्रिगेज गोमेज से 4 जून को नई दिल्ली में मुलाकात की थी। इस बैठक में पेट्रोलियम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख तेल कंपनियों के चेयरमैन शामिल हुए। दोनों पक्षों ने तेल और गैस क्षेत्र में व्यापार, निवेश और सहयोग को शामिल करते हुए एक दीर्घकालिक और मजबूत ऊर्जा साझेदारी बनाने के अवसरों पर चर्चा की।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत और वेनेजुएला के बीच एक स्वाभाविक साझेदारी है, जिसकी जड़ें दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही मित्रता में निहित हैं। उन्होंने वेनेजुएला में ऊर्जा क्षेत्र के पुनर्निर्माण के प्रति भारत के मजबूत समर्थन को दोहराते हुए कहा कि भारतीय कंपनियां वहां अपनी भागीदारी और उपस्थिति बढ़ाने के लिए तत्पर हैं। भारत की ऊर्जा विविधीकरण रणनीति में वेनेजुएला की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करते हुए उन्होंने वेनेजुएला के साथ ऊर्जा व्यापार को और मजबूत करने की भारत की इच्छा व्यक्त की।

भारत को वेनेजुएला का विश्वसनीय सहयोगी बताते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति ने भारतीय कंपनियों को वेनेजुएला के तेल और गैस क्षेत्र में सुधार के लिए सक्रिय भूमिका निभाने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में भारत और वेनेजुएला के बीच मौजूद पूरकताओं पर प्रकाश डाला और सहयोग बढ़ाने के अवसरों का पता लगाने के लिए भारतीय प्रतिनिधिमंडल को वेनेजुएला आने का निमंत्रण भी दिया।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा कि भू-राजनीतिक उथल-पुथल के बीच अप्रैल और मई के दौरान वेनेजुएला, भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाले शीर्ष देशों में रहा है, जो भविष्य की संभावनाओं को दर्शाता है। वेनेजुएला से भारत का औसत मासिक आयात वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान 64.027 टन मीट्रिक टन से बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 के अप्रैल-मई में 1,047.148 टन मीट्रिक टन हो गया।

Related Articles

नवीनतम लेख