36.5 C
Kolkata
Friday, June 12, 2026

स्टॉक मार्केट में जेनएक्सआई एनालिटिक्स ने किया निराश, अपर सर्किट के बावजूद घाटे में आईपीओ निवेशक

नई दिल्ली । आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सेक्टर में काम करने वाली कंपनी जेनएक्सआई एनालिटिक्स के शेयरों ने शेयर बाजार में निराशाजनक शुरुआत की। कंपनी के शेयर शुक्रवार को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर भारी डिस्काउंट के साथ सूचीबद्ध हुए, जिससे आईपीओ निवेशकों को पहले ही दिन नुकसान का सामना करना पड़ा।

कंपनी ने अपने आईपीओ के तहत शेयरों का निर्गम मूल्य 116 रुपये प्रति शेयर तय किया था। हालांकि बाजार में इसकी एंट्री 20 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ 92.80 रुपये पर हुई। कमजोर लिस्टिंग के बावजूद बाद में निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से शेयर में कुछ सुधार देखने को मिला और यह 97.40 रुपये के अपर सर्किट स्तर तक पहुंच गया। इसके बावजूद आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 18.60 रुपये अथवा 16.03 प्रतिशत का नुकसान झेलना पड़ा।

जेनएक्सआई एनालिटिक्स का 54.84 करोड़ रुपये का आईपीओ पांच जून से नौ जून तक निवेशकों के लिए खुला था। कंपनी के इश्यू को निवेशकों का अच्छा समर्थन मिला था और यह कुल 16.99 गुना सब्सक्राइब हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) श्रेणी में 17.58 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) श्रेणी में 30.92 गुना तथा रिटेल निवेशकों के हिस्से में 12.59 गुना आवेदन प्राप्त हुए थे।

आईपीओ के तहत कंपनी ने 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 47.28 लाख नए शेयर जारी किए हैं। इस इश्यू से जुटाई गई राशि का उपयोग कंपनी अपने कर्ज को कम करने, कार्यशील पूंजी (वर्किंग कैपिटल) की जरूरतों को पूरा करने और अन्य सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।

वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में राजस्व और लाभ दोनों मोर्चों पर उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के अनुसार वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी का शुद्ध लाभ 84 लाख रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 2.65 करोड़ रुपये और 2024-25 में 6.55 करोड़ रुपये हो गया। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों (अप्रैल से दिसंबर 2025) में ही कंपनी 13.31 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित कर चुकी थी।

कंपनी की आय में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2022-23 में जेनएक्सआई एनालिटिक्स को 16.61 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। यह आंकड़ा 2023-24 में बढ़कर 24.21 करोड़ रुपये और 2024-25 में 28.88 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं 2025-26 के पहले नौ महीनों में कंपनी का राजस्व 64.47 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

हालांकि कंपनी की वित्तीय वृद्धि के साथ-साथ उसके कर्ज में भी लगातार इजाफा हुआ है। वित्त वर्ष 2022-23 के अंत में कंपनी पर 82 लाख रुपये का कर्ज था, जो 2023-24 में बढ़कर 4.11 करोड़ रुपये और 2024-25 में 7.27 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2025 तक कंपनी का कुल कर्ज बढ़कर 16.07 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

इसके बावजूद कंपनी की नेटवर्थ और रिजर्व में भी मजबूत वृद्धि देखने को मिली है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी की नेटवर्थ 1.77 करोड़ रुपये थी, जो 2023-24 में बढ़कर 4.43 करोड़ रुपये और 2024-25 में 11.03 करोड़ रुपये हो गई। दिसंबर 2025 तक यह आंकड़ा 30.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

इसी तरह कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 2022-23 में 1.58 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 4.23 करोड़ रुपये और 2024-25 में 11.30 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 के पहले नौ महीनों में यह बढ़कर 19.19 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।

कंपनी के परिचालन प्रदर्शन का प्रमुख संकेतक ईबीआईटीडीए भी लगातार मजबूत हुआ है। वित्त वर्ष 2022-23 में यह 1.42 करोड़ रुपये था, जो 2023-24 में बढ़कर 4.13 करोड़ रुपये और 2024-25 में 10.03 करोड़ रुपये हो गया। दिसंबर 2025 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 18.97 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

बाजार के विशेषज्ञों का मानना है कि कंपनी के मजबूत वित्तीय आंकड़ों के बावजूद लिस्टिंग के दिन निवेशकों की उम्मीदों के अनुरूप प्रदर्शन नहीं हो सका। हालांकि आने वाले समय में कंपनी के कारोबारी प्रदर्शन और एआई सेक्टर की संभावनाओं पर निवेशकों की नजर बनी रहेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख