31 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने की मुलाकात

रांची । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में रेल सेवाओं के विस्तार, लंबित रेल परियोजनाओं की प्रगति और यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने झारखंड में लंबे समय से लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के कई क्षेत्रों में रेल संपर्क को मजबूत करने की जरूरत है, जिससे आम लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके और राज्य के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को भी गति मिले।

राज्यपाल ने विशेष रूप से रांची से मुंबई के बीच प्रतिदिन रेल सेवा शुरू करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि झारखंड से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य कार्यों के लिए मुंबई की यात्रा करते हैं। वर्तमान में सीमित रेल सेवाओं के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में नियमित दैनिक ट्रेन सेवा शुरू होने से हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

इसके अलावा राज्यपाल ने रांची से नई दिल्ली के लिए अतिरिक्त ट्रेन सेवा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि राजधानी दिल्ली के लिए यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है और वर्तमान ट्रेनों में सीटों की भारी कमी रहती है। अतिरिक्त ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों की सुविधा में सुधार होगा।

राज्यपाल ने रांची-लखनऊ रेल सेवा को शीघ्र प्रारंभ करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और झारखंड के बीच बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है, इसलिए इस रेल सेवा के शुरू होने से दोनों राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुलाकात के दौरान महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने राज्यपाल को रेलवे की विभिन्न परियोजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।

Related Articles

नवीनतम लेख