27.1 C
Kolkata
Tuesday, July 7, 2026

गडकरी ने मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क और रोपवे परियोजनाओं की समीक्षा की, समयबद्ध क्रियान्वयन पर दिया जोर

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को राष्ट्रीय राजमार्ग लॉजिस्टिक्स प्रबंधन लिमिटेड (एनएचएलएमएल) की समीक्षा बैठक में देशभर में विकसित किए जा रहे मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी), रोपवे, इंटरमॉडल स्टेशनों और वे-साइड सुविधाओं की परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने इन परियोजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

एकीकृत परिवहन नेटवर्क पर जोर

बैठक के दौरान गडकरी ने कहा कि ये परिवर्तनकारी परियोजनाएं देश में बहु-माध्यमीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करेंगी। इससे नए आर्थिक अवसर पैदा होंगे, संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा और भारत की लॉजिस्टिक्स प्रतिस्पर्धात्मकता में उल्लेखनीय सुधार होगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक और एकीकृत परिवहन नेटवर्क विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी, यात्रियों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के समय पर पूरा होने से लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की दक्षता बढ़ेगी, माल परिवहन की लागत कम होगी और यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

गडकरी ने विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और बाधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर परियोजनाओं के निष्पादन में तेजी लाई जाए, ताकि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जा सकें।

Related Articles

नवीनतम लेख