कोलकाता । दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर आज (गुरुवार) सुबह 7 बजे से पुनर्मतदान (Re-polling) जारी है। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद मतदाताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक शुरुआती दो घंटों में ही 20.47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है। केंद्रों पर सुबह से ही महिलाओं और बुजुर्गों समेत आम लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: तैनात की गईं केंद्रीय बलों की 35 कंपनियां
पिछले मतदान के दौरान हुई गड़बड़ियों से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त की गई है:
दोगुनी सुरक्षा: पूरे विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय सुरक्षा बलों की 35 कंपनियां तैनात की गई हैं, जो पिछले चुनाव की तुलना में लगभग दोगुनी हैं।
क्विक रिस्पांस टीम: किसी भी तरह की अप्रिय घटना या हंगामे से निपटने के लिए 30 क्विक रिस्पांस टीमों (QRT) को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
TMC उम्मीदवार के घर के पास बूथों से एजेंट गायब!
मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है, लेकिन सुबह-सुबह एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जाहांगिर खान के घर के पास स्थित कम से कम दो बूथों पर पार्टी के पोलिंग एजेंट मौजूद नहीं दिखे। गौरतलब है कि जाहांगिर खान ने मतदान से ठीक 48 घंटे पहले चुनाव से हटने का ऐलान कर दिया था।
क्यों हो रहा है दोबारा मतदान?
आपको बता दें कि फलता विधानसभा सीट पर इससे पहले 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत वोट डाले गए थे। हालांकि, उस दौरान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में गड़बड़ी और बड़े पैमाने पर धांधली के आरोप लगे थे। इन गंभीर शिकायतों के बाद निर्वाचन आयोग ने पिछले मतदान को रद्द करते हुए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया था।

