33 C
Kolkata
Monday, May 4, 2026

नदी में गिरी बेकाबू कार, रायपुर के 4 युवकों की मौत, 2 की हालत नाजुक

कवर्धा (कबीरधाम) । छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पांडातराई थाना क्षेत्र के गंडई गांव के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी। इस हादसे में रायपुर के बिरगांव निवासी चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

शादी समारोह से लौट रहे थे सभी युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक रायपुर के बिरगांव इलाके के रहने वाले थे। वे पंडरिया में एक दोस्त या रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने आए थे। खुशियां मनाकर देर रात वे अपनी टाटा टियागो कार (CG 10 AS 1082) से वापस रायपुर लौट रहे थे, तभी गंडई गांव के पास यह हादसा हो गया।

तीखा मोड़ और तेज रफ्तार बनी काल
पांडातराई थाना प्रभारी के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह कार की अत्यधिक रफ्तार और पुल के पास स्थित तीखा मोड़ है। रफ्तार तेज होने के कारण चालक मोड़ पर संतुलन खो बैठा और कार सीधे पुल से नीचे नदी में गिर गई।
मृतकों की पहचान: अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन।
घायल: जुनैद रज़ा और आरज़ू खान। इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ इनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया बचाव अभियान
हादसे के बाद हुई जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के भीतर फंसे युवकों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

नवीनतम लेख