22 C
Kolkata
Thursday, May 7, 2026

प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने वाले चार आरोपित गिरफ्तार

धनबाद । पुलिस को रंगदारी मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम पर फोन कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस संबंध में बरवाअड्डा थाना मैं मामला दर्ज किया गया था।

गुरुवार को इस संबंध में जानकारी देते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि 06 मई को गुलाम अंसारी ने बरवाअड्डा थाना में आवेदन देकर अज्ञात अपराधियों पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर और लोकेशन के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई।

इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामले में देवानंद सिंह उर्फ चंदन सिंह, बालक कुमार दास, मो नासिर अंसारी उर्फ जयकांत सिकरे और सुरेंद्र कुमार महतो उर्फ गोलक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने प्रिंस खान उर्फ छोटे सरकार के नाम का इस्तेमाल कर गुलाम अंसारी के अलावा धनबाद स्थित असर्फी अस्पताल के संचालक से भी रंगदारी मांगने के लिए फोन किया था।

पुलिस ने आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त एक सैमसंग कंपनी का कीपैड मोबाइल और एक रियलमी कंपनी का स्क्रीन टच मोबाइल बरामद किया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

नवीनतम लेख