रांची। जेपीएससी परीक्षा में कथित अनियमितता के मामले में जेल में बंद पूर्व मुख्य सचिव और झारखंड लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल खियांग्ते ने जमानत के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है। उनके अधिवक्ता ने गुरुवार को सीआईडी की विशेष अदालत में जमानत याचिका दाखिल की। मामले में अब अदालत याचिका पर सुनवाई करेगी।
सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अनियमितता को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। इसी मामले की जांच के दौरान जांच एजेंसी ने एल खियांग्ते को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से वह न्यायिक हिरासत में हैं।
जांच के दौरान सीआईडी की ओर से एल खियांग्ते पर परीक्षा से जुड़ी एजेंसियों से कथित तौर पर कमीशन लेने का आरोप लगाया गया है। एजेंसी मामले में परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों और संस्थाओं की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस मामले में अब तक 20 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीआईडी की जांच में परीक्षा संचालन से जुड़े कथित अनियमितताओं और वित्तीय लेनदेन के विभिन्न पहलुओं को खंगाला जा रहा है। एल खियांग्ते की ओर से दाखिल जमानत याचिका के बाद अब उनकी हिरासत और मामले में उनकी कथित भूमिका को लेकर अदालत में पक्ष रखा जाएगा।
