गोड्डा । झारखंड के गोड्डा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। महागामा थाना क्षेत्र के नयानगर गांव के पास पूर्व विधायक अशोक भगत के निजी सहायक (PA) विजय शर्मा पर एक व्यक्ति ने तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में विजय शर्मा बुरी तरह घायल हो गए हैं और फिलहाल गोड्डा सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पीड़ित विजय शर्मा के अनुसार, वह अपनी बाइक से घर से निकले थे, तभी नयानगर के पास काजेश शर्मा नामक व्यक्ति ने उन पर अचानक तलवार से हमला कर दिया। विजय ने बताया कि हमले के वक्त उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर पर चोट नहीं आई। लेकिन हमलावर ने उनके दाएं हाथ और पैर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े।
पुरानी रंजिश या राजनीति?
विजय शर्मा का कहना है कि हमलावर के साथ उनका कोई पुराना विवाद या झगड़ा नहीं था, लेकिन हमला जिस तरह से किया गया, उससे स्पष्ट है कि मंशा जान से मारने की थी। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे आपसी रंजिश मान रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीति से जोड़कर देख रहे हैं।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहा। सूचना मिलते ही महागामा थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी मनोज पाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से तहकीकात कर रही है। अभी तक हमले की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है, लेकिन पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

