29 C
Kolkata
Tuesday, May 5, 2026

हरियाणा के KMP एक्सप्रेस-वे पर यूपी पुलिस के 5 जवानों की दर्दनाक मौत

चंडीगढ़/नूंह । हरियाणा के कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। नूंह जिले के धुलावट टोल प्लाजा के पास हुई इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जवानों की मौके पर ही मौत हो गई। ये सभी जवान जालौन जिले में तैनात थे।

तेज रफ्तार और ओवरटेक बना काल
हादसा सुबह करीब 10:30 बजे उस समय हुआ जब जवान अपनी महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ी से पलवल की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक पुलिस जांच के अनुसार टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। ओवरटेक के दौरान चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी आगे चल रहे वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में सवार पांचों पुलिसकर्मियों की घटनास्थल पर ही सांसें थम गईं।

बचाव अभियान और पुलिस कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही तावड़ू थाना प्रभारी शीशराम यादव और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को बुरी तरह पिचक चुकी गाड़ी से शवों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

“हादसे की जानकारी उत्तर प्रदेश के जालौन एसपी को दे दी गई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।” — शीशराम यादव, थाना प्रभारी (तावड़ू)

अभी मृतकों की व्यक्तिगत पहचान और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया जारी है। इस दुखद घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख