32 C
Kolkata
Friday, May 8, 2026

छपरा-सीवान हाईवे पर भीषण भिड़ंत: ट्रक और पिकअप की टक्कर में तीन की मौत, आर्केस्ट्रा कलाकार घायल

सारण । बिहार के सारण जिले में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। छपरा-सीवान नेशनल हाईवे (NH) पर दाउदपुर थाना क्षेत्र के बनवार फ्लाईओवर के पास एक अनियंत्रित ट्रक और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में पिकअप सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वैन में एक आर्केस्ट्रा पार्टी के कलाकार सवार थे, जो रसूलपुर से खैरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि मृतकों में कलाकार और बाराती शामिल हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन और घायलों का उपचार
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय निवासियों की सहायता से मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, कुछ की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।

पुलिस प्रशासन अब मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहा है। घायलों में महिला और पुरुष दोनों कलाकार शामिल हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।

Related Articles

नवीनतम लेख