28.3 C
Kolkata
Saturday, July 18, 2026

दो बेटों को डूबने से बचाने में पिता की गई जान, दोनों बच्चे सुरक्षित

पश्चिमी सिंहभूम। जिले के गुवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां कारो नदी में स्नान करने के दौरान अपने दो मासूम बेटों को डूबने से बचाने के प्रयास में एक लाचार पिता की दर्दनाक मौत हो गई. अपनी जान की बाजी लगाकर पिता ने दोनों बच्चों को तो सुरक्षित बचा लिया, लेकिन वे खुद मौत के मुंह में समा गए. इस हृदयविदारक हादसे के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.

बच्चों को सुरक्षित किनारे लगा खुद गहरे पानी में समाए

यह दर्दनाक हादसा गुवा के लोहार बस्ती निवासी दामु हेंब्रम के साथ हुआ, जो शुक्रवार सुबह अपने दोनों बेटों के साथ ठाकुरा गांव के पास स्थित कारो नदी में नहाने गए थे. स्नान करने के दौरान दोनों बच्चे अचानक नदी के गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगे. बच्चों को तड़पता देख दामु हेंब्रम ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में छलांग लगा दी. उन्होंने अपनी पूरी ताकत झोंककर दोनों बेटों को एक-एक कर सुरक्षित किनारे तक पहुंचा दिया.

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम, पुलिस जांच में जुटी

बच्चों की जिंदगी बचाने के कामयाब प्रयास में दामु खुद थक गए और नदी के गहरे भंवर से बाहर नहीं निकल सके. किनारे पर मौजूद लोगों ने जब उन्हें डूबते देखा तो तुरंत नदी से बाहर निकाला और आनन-फानन में गुवा सेल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर गुवा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. बताया जाता है कि मृतक दामु हेंब्रम गुवा सेल खदान के ओएचपी विभाग में ठेका मजदूर थे और बेहद सरल स्वभाव के थे.

Related Articles

नवीनतम लेख