28.3 C
Kolkata
Saturday, July 18, 2026

जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग का आरोप, अभिभावकों ने उपायुक्त से की कार्रवाई की मांग

पूर्वी सिंहभूम। जिले के बहरागोड़ा स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बालिकुडिया में जूनियर छात्रों के साथ कथित रैगिंग और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद अभिभावकों ने उपायुक्त को शिकायत सौंपकर दोषी छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, गुरुवार देर रात कुछ सीनियर छात्र हॉस्टल में पहुंचे और कई जूनियर छात्रों को बाहर बुलाकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उनसे जूते साफ करवाए गए, पैर दबवाए गए और अन्य अपमानजनक कार्य भी कराए गए। विरोध करने पर छात्रों की पिटाई की गई, जिससे कई छात्र घायल हो गए।

मारपीट में कई छात्र घायल

घायल छात्रों में विकाश राणा, पूर्णचंद्र गराई, गोविंद कुमार महतो, सूरज कुम्भकार और इंद्रदेव महतो शामिल हैं। पीड़ित छात्रों का आरोप है कि एक छात्र के कान पर गंभीर चोट लगी, जिससे खून निकलने लगा, जबकि दूसरे छात्र की नाक पर लात-घूंसों से चोट पहुंची।

छात्रों का कहना है कि उन्हें धमकी दी जाती थी कि यदि उन्होंने घटना की जानकारी अभिभावकों या शिक्षकों को दी तो उन्हें और अधिक प्रताड़ित किया जाएगा।

अभिभावकों ने सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की

सूरज कुम्भकार के पिता पदमलोचन कुम्भकार ने उपायुक्त को दिए आवेदन में बताया कि उनका पुत्र कक्षा नौ का छात्र है और रैगिंग व मानसिक प्रताड़ना से इतना भयभीत हो गया कि पढ़ाई छोड़कर घर लौट आया। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय में लंबे समय से जूनियर छात्रों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रही हैं।

आवेदन में यह भी कहा गया है कि मामले की जानकारी हाउस मास्टर को दी गई थी, लेकिन उन्होंने प्राचार्य से संपर्क करने की सलाह देकर कोई कार्रवाई नहीं की।

अभिभावकों ने दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई, पीड़ित छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विद्यालय परिसर में रैगिंग पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला परिषद अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख