30 C
Kolkata
Monday, May 18, 2026

हाथियों का तांडव: खेत की रखवाली कर रहे किसान को हाथी ने पटक-पटक कर मार डाला

खूंटी । जिले में जंगली हाथियों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला कर्रा थाना क्षेत्र का है, जहाँ शनिवार को एक जंगली हाथी ने खेत में काम कर रहे किसान को बेरहमी से कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

फसल की देखरेख के दौरान हुआ हमला
घटना कर्रा थाना क्षेत्र की मास्को पंचायत अंतर्गत देहकेला गांव की है। जानकारी के अनुसार, ग्रामीण किसान जेवियर उर्फ चुयू होरो सुबह करीब 11 बजे अपने खेत में लगी ‘गरमा धान’ की फसल की देखरेख करने गए थे। इसी दौरान अचानक पास के जंगल से एक विशालकाय हाथी निकलकर खेत में आ धमका।

सूंड से लपेटकर जमीन पर पटका
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, जेवियर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हाथी ने उन्हें अपनी सूंड में लपेट लिया और कई बार जमीन पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उन्हें बुरी तरह कुचल डाला, जिससे जेवियर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग
हाथी के हमले की खबर जंगल की आग की तरह फैली और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए कहा क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे और सरकारी सहायता की मांग की है। हाथियों को गांव से दूर खदेड़ने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख