28.6 C
Kolkata
Wednesday, July 8, 2026

केंदुआडीह भू-धंसान : वैज्ञानिक खुदाई के बाद ही खुलेगी धनबाद-बोकारो सड़क

धनबाद। केंदुआडीह क्षेत्र में लगातार हो रही भू-धंसान और गैस रिसाव की घटनाओं को देखते हुए धनबाद जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। महीनों से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा शुरू करने से पहले प्रभावित क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से खुदाई कर वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाएगा। खुदाई के दौरान पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा और प्रभावित परिवारों को अस्थायी राहत शिविरों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया के लिए 10 जुलाई तक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी।

जिला प्रशासन और विशेषज्ञों ने बनाई रणनीति

समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सांसद, विधायक, जिला परिषद अध्यक्ष, बीसीसीएल, डीजीएमएस, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद और सिंफर के अधिकारियों व विशेषज्ञों ने भाग लिया।

बैठक में पिछले छह-सात महीनों से बंद धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को सुरक्षित तरीके से चालू कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि सड़क खोलने से पहले क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे वैज्ञानिक ढंग से खुदाई कर वास्तविक स्थिति का पता लगाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी दुर्घटना से बचा जा सके।

10 जुलाई तक तैयार होगी एसओपी

बैठक में निर्णय लिया गया कि बीसीसीएल 10 जुलाई तक खुदाई कार्य के लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर जिला प्रशासन को सौंपेगा। इसके बाद निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप खुदाई शुरू की जाएगी।

खुदाई के दौरान प्रभावित क्षेत्र के लोगों को राहत शिविरों में स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में रखकर बचाव दल, डीजीएमएस, आईआईटी (आईएसएम) और सिंफर के विशेषज्ञों की निगरानी में कार्य कराया जाएगा। तकनीकी जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क को दोबारा यातायात के लिए खोला जाए या नहीं।

Related Articles

नवीनतम लेख