31.2 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

पूर्व मंत्री मन्नान मल्लिक को दीपिका पांडेय सिंह की श्रद्धांजलि, बोलीं- उनका मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणा देगा

रांची। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक का संघर्ष, जनसेवा और मार्गदर्शन हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह रांची स्थित पल्स अस्पताल पहुँचीं, जहां उन्होंने दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

जनसेवा के प्रति समर्पित थे मन्नान मल्लिक

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि मन्नान मल्लिक केवल वरिष्ठ राजनेता नहीं, बल्कि सभी के अभिभावक और मार्गदर्शक थे। श्रमिकों, गरीबों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों के अधिकारों के लिए उनका आजीवन संघर्ष तथा संगठन और कार्यकर्ताओं के प्रति उनका आत्मीय व्यवहार हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि मन्नान मल्लिक ने सदैव सही मार्ग दिखाया। उनका निधन पूरे झारखंड ही नहीं, बल्कि उनके परिवार के लिए भी व्यक्तिगत क्षति है।

विधानसभा और कांग्रेस कार्यालय में भी दी अंतिम श्रद्धांजलि

इसके बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड विधानसभा परिसर पहुंचकर भी मन्नान मल्लिक को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

वहीं, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भी मंत्री शामिल हुईं। सभा में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मन्नान मल्लिक के संगठन के प्रति समर्पण, लंबे सार्वजनिक जीवन और कांग्रेस को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें अंतिम विदाई दी।

गौरतलब है कि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मन्नान मल्लिक का मंगलवार को रांची स्थित पल्स अस्पताल में निधन हो गया। वह 83 वर्ष के थे और लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से पूरे राज्य के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

Related Articles

नवीनतम लेख