सुपौल । जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सोमवार स्कोर्पियो की चपेट में आने से साईकिल सवार की मौत हो गई है।
मृतक की पहचान सुपौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 4 निवासी 53 वर्षीय अर्जुन पासवान के रूप में हुई है। यह घटना पिपरा थाना क्षेत्र के पथरा चौक के समीप की है।
बताया जा रहा है कि अर्जुन पासवान सुबह सबेरे पथरा चौक से अपनी जमीन को देखकर साइकिल से वापस सुपौल आ रहे थे। इसी दौरान पथरा चौक के पास अवस्थित मां देवता पेट्रोल पंप के समीप पिपरा की ओर से सुपौल की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाईक और एक साईकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दिया, इस घटना में साइकिल सवार अर्जुन पासवान की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि इस घटना में बाईक सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जिसका इलाज सुपौल के निजी नर्सिंग होम में चल रहा है।
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पिपरा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन वहां पहुंच गए हैं, मृतक अर्जुन पासवान के परिजनों में कोहराम मच गया है।
पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि घटना की जानकारी के बाद पिपरा पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मृतक के शव को ट्रैफिक पुलिस के हवाले कर दिया गया है, आगे की कार्यवाही ट्रैफिक पुलिस द्वारा की जा रही है।
