रायपुर । छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज मंगलवार सुबह 11 बजे से मंत्रालय (महानदी भवन) में राज्य मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होने जा रही है। इस अहम बैठक को लेकर शासन के सभी विभागों ने अपनी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
किसानों को समय पर संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए इस बैठक में किसानों के लिए खाद और बीज की पर्याप्त उपलब्धता की विस्तृत समीक्षा किए जाने की पूरी संभावना है। मानसून के आगमन से पहले साय सरकार इस बात पर विशेष जोर दे सकती है कि प्रदेश के अन्नदाताओं को खेती-किसानी के लिए आवश्यक संसाधन और सामग्रियां समय पर और बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जा सकें।
कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
विभागीय सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट की इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े कई नीतिगत और महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। राज्य में विकास कार्यों की गति को और तेज करने, जनकल्याणकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम विषय इस बैठक के मुख्य एजेंडे में शामिल हो सकते हैं। बैठक के बाद कई बड़े फैसलों पर सरकार की मुहर लगने की उम्मीद है।
