33 C
Kolkata
Saturday, May 9, 2026

ठेका मजदूर ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

पश्चिमी सिंहभूम । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मेघाहातुबुरु क्षेत्र में शुक्रवार रात सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के क्वार्टर में रहने वाले एक ठेका मजदूर ने फंंदे से लटकर खुदकुशी कर ली।

घटना के बाद इलाके में शोक और मातम का माहौल है।

मृतक की पहचान 38 वर्षीय बालाजी शर्मा उर्फ बाला के रूप में हुई है, जो मेघाहातुबुरु स्थित सेल क्वार्टर संख्या 12/5 ए-टाइप में रहता था। परिजनों ने बताया कि पिछले दो दिनों से बाला मानसिक तनाव में था। वह काफी परेशान नजर आ रहा था और घर से बाहर भी नहीं निकल रहा था। खाना-पीना भी उसने लगभग छोड़ दिया था।

शुक्रवार रात करीब नौ बजे उसने घर के एक कमरे में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। उस समय घर में उसकी मां और बहन मौजूद थीं। काफी देर तक कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों को शक हुआ। इसी दौरान उसकी मां ने खिड़की से अंदर झांका तो बेटे को फंदे से लटका देख चीख पड़ी।

मां की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। आनन-फानन में बाला को इलाज के लिए किरीबुरू अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार बाला बेहद मिलनसार और मददगार स्वभाव का व्यक्ति था। वह क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहता था, जिसके कारण इलाके में उसकी अच्छी पहचान थी। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और तीन बहनें हैं। बाला घर का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना की सूचना मिलते ही किरीबुरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और खुदकुशी के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख