32 C
Kolkata
Wednesday, July 15, 2026

इंदौर से आबू धाबी के लिए पहली सीधी उड़ान आज, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को इंदौर से आबू धाबी के लिए प्रदेश की पहली सीधी अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत शुरू हो रही यह उड़ान इंदौर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी आबू धाबी से सीधे जोड़ेगी।

सप्ताह में चार दिन मिलेगी सेवा

जनसंपर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने बताया कि टाटा समूह की विमानन इकाई एयर इंडिया एक्सप्रेस इस सेवा का संचालन करेगी। यह उड़ान सप्ताह में चार दिन—सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार—उपलब्ध रहेगी।

नई हवाई सेवा से मालवा-निमाड़ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा। अभी इस मार्ग पर यात्रा के लिए दिल्ली या मुंबई होकर जाना पड़ता है, जिसमें 7 से 8 घंटे लगते हैं। सीधी उड़ान शुरू होने के बाद यह यात्रा करीब 3 घंटे 15 मिनट में पूरी हो सकेगी। इससे व्यापार, निवेश, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नागरिक विमानन नीति से बढ़ रहा हवाई संपर्क

राज्य सरकार की नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत प्रदेश में हवाई संपर्क का लगातार विस्तार किया जा रहा है। अब तक 8 नए हवाई मार्ग स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 4 पर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जबकि शेष मार्गों पर भी जल्द उड़ानें शुरू की जाएंगी। इंदौर-आबू धाबी सेवा से भविष्य में नए अंतरराष्ट्रीय और घरेलू हवाई मार्गों के विस्तार को भी गति मिलेगी।

विमानन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान

सरकार ने नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत घरेलू हवाई मार्गों के लिए 10 लाख रुपये तक और अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए 15 लाख रुपये तक व्यवहार्यता अंतर सहायता (वीजीएफ) का प्रावधान किया है। राज्य के हवाई अड्डों पर रात्रि पार्किंग करने वाले विमानों के लिए विमानन ईंधन पर प्रभावी वैट दर एक प्रतिशत निर्धारित की गई है।

इसके अलावा, विमान रखरखाव एवं मरम्मत परियोजनाओं और वायु माल परिवहन परियोजनाओं के लिए 40 प्रतिशत तक पूंजीगत अनुदान दिया जा रहा है। उड़ान प्रशिक्षण संस्थानों को सिमुलेटर स्थापना के लिए 40 प्रतिशत तक पूंजीगत सहायता तथा अन्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों के लिए शुल्क का 60 प्रतिशत, अधिकतम एक लाख रुपये तक वित्तीय सहायता देने का भी प्रावधान किया गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख